Punjab
डिग्गी खुदाई कार्य में 8.97 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप
कार्य की मात्रा कम बताकर भुगतान करने का आरोप, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। डिग्गी खुदाई के ठेका कार्य में करीब 8.97 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर एक ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक एएसआई हंसराज को सौंपी गई है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार राजस्थान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन निवासी 54 वर्षीय सौरभ शर्मा पुत्र मदनलाल शर्मा ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में इस्तगासा पेश कर आरोप लगाया कि उन्होंने भादरा क्षेत्र के चक 6 सीडीआर/90 आरडी गांधीबड़ी में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के डिग्गी खुदाई कार्य को सबलेट आधार पर पूरा किया था।
परिवादी के अनुसार महेश्वरी बिल्डर्स के प्रोपराइटर सौरव महेश्वरी ने 9 दिसम्बर 2023 को वर्क ऑर्डर जारी कर उक्त कार्य करवाया था। कार्य पूरा होने के बाद आरोपी ने पैमाइश के आधार पर 52 हजार क्यूबिक मीटर कार्य बताते हुए भुगतान कर दिया। बाद में विभाग से प्राप्त जानकारी में सामने आया कि वास्तविक कार्य 68 हजार 322 क्यूबिक मीटर था और इसी आधार पर विभाग ने भुगतान भी किया था। Hanumangarh News
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने जानबूझकर 16 हजार 322 क्यूबिक मीटर कार्य कम दर्शाकर 55 रुपए प्रति क्यूबिक मीटर की दर से कुल 8 लाख 97 हजार 710 रुपए का भुगतान रोक लिया और राशि हड़प ली। परिवादी ने बताया कि शेष राशि की मांग करने पर आरोपी ने भुगतान से इनकार कर दिया।
परिवादी का कहना है कि उन्होंने विधिक नोटिस भेजने के साथ-साथ पंचायत के माध्यम से भी विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद पुलिस थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी गई, मगर कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। Hanumangarh News