Punjab
चलती बस से मोबाइल छीनकर भाग रहे चोर को ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने दबोचा
गौतमबुद्धनगर में टीएसआई रमेश पंवार ने दिखाई वीरता, चोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
नोएडा (एजेंसी)। Noida News: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। सेक्टर-37 चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) रमेश पंवार ने चलती बस से मोबाइल छीनकर भाग रहे एक मोबाइल चोर को पकड़ने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना उसका पीछा किया और उसे धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सेक्टर-37 चौराहे पर यातायात संचालन के दौरान टीएसआई रमेश पंवार अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति चलती बस में सवार यात्री का मोबाइल फोन छीनकर मौके से भाग रहा है। सूचना मिलते ही टीएसआई रमेश पंवार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी का पीछा शुरू कर दिया।
मोबाइल चोर को पकड़ने के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीएसआई रमेश पंवार ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे पकड़ लिया। इस कार्रवाई के दौरान उन्हें गंभीर चोटें भी आईं। आरोपी को पकड़ते समय उनके हाथ में चोट लगी और एक उंगली में फ्रैक्चर हो गया।
बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी और घायल अवस्था में भी आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाना सेक्टर-39 पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद घायल टीएसआई रमेश पंवार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण और इलाज किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके साहसिक कार्य की सराहना की है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने टीएसआई रमेश पंवार द्वारा प्रदर्शित बहादुरी, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट पुलिसिंग भावना की प्रशंसा की। उन्होंने रमेश पंवार को सम्मानित करते हुए 5,100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मी पूरे विभाग के लिए प्रेरणा हैं। उनकी तत्परता और साहस से न केवल अपराधी पकड़े जाते हैं, बल्कि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।