Punjab
कल खुलेंगी 7,555 उम्मीदवारों की किस्मत की पेटियां, शाम तक आएंगे पूरे परिणाम
घर बैठे देख सकते हैं चुनाव परिणाम, चुनाव आयोग की वेबसाइट पर लाइव होंगे परिणाम
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Punjab Municipal Election Result: पंजाब में कल उन 7,555 उम्मीदवारों की किस्मत की पेटियां खुलेंगी, जिन्होंने नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायत की चुनावों में हिस्सा लिया था। राज्य चुनाव आयोग द्वारा कल, 29 मई को सुबह 8 बजे से ही वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी और शाम तक सभी चुनाव परिणाम आ जाएंगे। इस बार चुनाव परिणाम थोड़ा देरी से आने की संभावना है क्योंकि ईवीएम की जगह बैलेट पेपरों की गिनती हो रही है।
यही कारण है कि गिनती में काफी समय लग सकता है। परिणामों को लेकर मतगणना सैंटरों में भीड़ न इकठ्ठा हो, इसके लिए राज्य चुनाव आयोग ने परिणामों की लाइव जानकारी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की है। हर कोई अपने शहर के किसी भी वार्ड का चुनाव परिणाम आयोग की वैबसाइट पर जाकर देख सकता है। बीती 26 मई को हुए 75 नगर कौंसिल, 8 नगर निगम और 21 नगर पंचायतों सहित कुल 104 चुनावों की मतगणना की जानी है। इस मतगणना के लिए कुल 115 वोट मतगणना केन्द्र बनाए गए हैं, जहाँ बड़ी संख्या में स्टाफ की तैनाती की गई है।
100 मीटर के दायरे में बड़ी संख्या में तैनात रहेगी पुलिस
राज्य चुनाव अधिकारी द्वारा प्रत्येक मतगणना केन्द्र में 10 से 15 टेबल लगाई गई हैं और वार्ड नंबर 1 से वोटों की गिनती शुरू होगी। सभी वार्डों की गिनती एक-एक करके पूरी की जाएगी। मतगणना केन्द्रों में एक मतगणना सुपरवाइजर और दो मतगणना उप अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा जरूरत के अनुसार स्टाफ की तैनाती भी की गई है। मतगणना केन्द्रों के बाहर हंगामा न हो, इसके लिए 100 मीटर के दायरे में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रहेगी ताकि किसी भी मतगणना में बाधा न डाली जा सके। मतगणना केन्द्र में केवल उम्मीदवार और उम्मीदवार द्वारा नियुक्त मतगणना एजेंटों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी, लेकिन उनके पास संबंधित अधिकारी द्वारा जारी किया पास होना जरूरी है। Chandigarh News
About The Author