Odisha Weather Alert: ओडिशा में ऐसी चली लू, तीन लोगों की हो गई मौत

मौसम विभाग ने जारी की हीटवेव व आंधी-तूफान की चेतावनी

Manmohan Picture
Published On

Odisha Weather Alert: भुवनेश्वर। ओडिशा में बढ़ती गर्मी ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। राज्य के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से तीन जिलों में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें बोलांगीर, सुंदरगढ़ और सुवर्णपुर जिले शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि लू से संबंधित कुल 16 मौतों की आशंका जताई गई थी। Odisha Heatwave News

जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चार मामलों को लू से असंबंधित पाया गया, जबकि तीन मामलों में मौत का कारण हीट स्ट्रोक की पुष्टि हुई है। अन्य मामलों की जांच अभी जारी है। मौसम की स्थिति पर नजर डालें तो राज्य के तटीय और दक्षिणी आंतरिक क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि उत्तरी आंतरिक जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।

बीते 24 घंटों में पूरे राज्य में औसतन 0.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिसमें जाजपुर जिले के जाजपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 26 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। एसआरसी ने आगामी दिनों के लिए कई जिलों में गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है। झारसुगुड़ा, संबलपुर, बोलांगीर और नयागढ़ में लू से लेकर अत्यधिक लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। Odisha Heatwave News

वहीं कई अन्य जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका व्यक्त की गई है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। जिलावार घटनाओं में जाजपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों और चार पशुओं की मौत हुई है।

क्योंझर में बवंडर के कारण तीन लोगों की जान जाने की सूचना है, जबकि ढेंकानाल में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन मौसम के बदलते तेवर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। Odisha Heatwave News

About The Author

Related Posts