Tatkal Ticket Booking: अब मिनटों नहीं, सेकेंडों में बुक होगा Tatkal टिकट, रेलवे ला रहा नया सिस्टम
Tatkal टिकट बुकिंग का झंझट होगा खत्म! IRCTC की स्पीड बढ़ाने आ रहा नया सिस्टम
नई दिल्ली। Tatkal Ticket Booking: अगर आप भी तत्काल (Tatkal) टिकट बुक करते समय IRCTC ऐप या वेबसाइट के स्लो होने, सर्वर हैंग होने या लॉग-आउट जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। भारतीय रेलवे अपने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को पूरी तरह अपग्रेड करने जा रहा है। इस बदलाव के बाद ऑनलाइन टिकट बुकिंग पहले के मुकाबले कई गुना तेज हो जाएगी।
एक मिनट में बुक होंगे 1.25 लाख टिकट
रेल मंत्रालय की तकनीकी शाखा CRIS (Centre for Railway Information Systems) के अनुसार, नए PRS सिस्टम के लागू होने के बाद रेलवे एक मिनट में 1.25 लाख टिकट बुक करने में सक्षम होगा। फिलहाल मौजूदा सिस्टम की क्षमता एक मिनट में करीब 25 हजार टिकट बुक करने की है। यानी नए सिस्टम के साथ टिकट बुकिंग की स्पीड करीब पांच गुना बढ़ जाएगी।
Tatkal टिकट बुकिंग होगी आसान
हर दिन सुबह 10 बजे एसी और 11 बजे नॉन-एसी श्रेणी के तत्काल टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही लाखों लोग एक साथ IRCTC पर लॉग इन करते हैं। इस दौरान सर्वर पर अत्यधिक दबाव पड़ने से वेबसाइट और ऐप धीमे हो जाते हैं। कई बार यूजर्स का सेशन खत्म हो जाता है या भुगतान के दौरान परेशानी आती है।
रेलवे का कहना है कि नया सिस्टम इस भारी ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाल सकेगा, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान कम रुकावट का सामना करना पड़ेगा।
त्योहारों में मिलेगी बड़ी राहत
दिवाली, छठ, होली और गर्मियों की छुट्टियों जैसे पीक सीजन में टिकटों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में नया PRS सिस्टम यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। अधिक क्षमता के कारण टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज और सुचारु होने की उम्मीद है।
CRIS ने दी जानकारी
रेल मंत्रालय की तकनीकी इकाई CRIS ने अपने 41वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस नई तकनीकी पहल की जानकारी साझा की। रेलवे का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक तेज, भरोसेमंद और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है, ताकि यात्रियों को बेहतर डिजिटल सेवा मिल सके।
