मानसूनी बारिश से 'टापू' बना कैराना, पालिका के सफाई दावों की खुली पोल
चार-पांच दिनों से क्षेत्र में पड़ रही उमस भरी गर्मी से स्थानीय बाशिंदों को मिली राहत
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: नगर में हुई झमाझम बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया। बारिश के चलते जहां लोगो ने गर्मी से राहत महसूस की, वहीं मानसून को लेकर नगरपालिका की तैयारियां और सफाई दावों की भी पोल खुलकर सामने आ गई। जलभराव के बीच से होकर गुजरने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विगत कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से मंगलवार को लोगों को राहत मिल गई। सुबह के समय झमाझम बारिश शुरू हुई, जो करीब डेढ़-दो घण्टे तक लगातार चलती रही। भारी बारिश के चलते नगर एवं क्षेत्र में एकबारगी जल-थल समान नजर आया। सुबह शुरू हुई मूसलाधार बारिश बाद में रिमझिम-रिमझिम होकर शाम तक बरसती रही। अचानक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश ने भयंकर गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन नगरपालिका के सफाई दावों की भी पोल खोलकर रख दी। बारिश के कारण नगर के मुख्य चौक बाजार, इमामगेट, ईदगाह रोड, अस्पताल रोड, बिसातियान आदि स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। जलभराव के बीच से होकर गुजरने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विदित रहे कि प्रतिवर्ष मानसून को लेकर नगर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की जिम्मेदारी नगरपालिका की होती है। पिछले दिनों डीएम आलोक यादव ने भी नगर पालिका का निरीक्षण करके मानसून से पहले नालों की सफाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नगरपालिका की सफाई व्यवस्था कैसी रही, यह मंगलवार को हुई बारिश होते ही हुए जलभराव से साफ हो गया।
सड़कें बनीं तालाब, घंटों जलभराव से जूझते रहे लोग
मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मूसलाधार बारिश के चलते नगर की प्रमुख सड़कें और मोहल्ले जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर घंटों तक पानी भरा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ी। जलभराव के कारण नगरपालिका की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आई। सबसे अधिक परेशानी इमाम गेट और ईदगाह रोड पर देखने को मिली, जहां बारिश रुकने के करीब दो घंटे बाद तक पानी सड़कों पर जमा रहा। राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और दुकानदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वहीं, कांधला रोड पर स्थित मीट प्लांट के सामने टूटी सड़क में पानी भर जाने से गड्ढे पूरी तरह छिप गए, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा। दूसरी ओर, कैराना-खंद्रावली मार्ग पर जलभराव के कारण टीचर्स कॉलोनी के निवासियों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। नगरपालिका के नियमित सफाई एवं जलनिकासी कार्य भी बारिश के चलते प्रभावित रहे। हालांकि कई स्थानों पर सफाईकर्मी जलनिकासी में जुटे दिखाई दिए, लेकिन लगातार बारिश के कारण पानी की निकासी सामान्य गति से नहीं हो सकी। ग्रामीण क्षेत्रों की कई ग्राम पंचायतों में भी गलियों और संपर्क मार्गों पर पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया।
गांव कण्डेला में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में जलभराव से तालाब जैसा नजारा बन गया। लोगो ने जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग उठाई है। उधर, नगरपालिका परिषद कैराना के सफाई विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे जेई हिमांशु नारायण ने बताया कि लगातार हुई तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। पानी की निकासी के लिए सफाईकर्मियों की टीम को तत्काल लगाया गया है। जहां भी जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निकासी कराई जा रही है।
4.jpg)