हांसी में आधी रात गोलियां चलीं, साले ने घर में घुसकर जीजा को बनाया निशाना
पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने दिया वारदात को अंजाम
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी शहर के आर्य नगर में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपने जीजा पर कथित तौर पर गोली चला दी। पीड़ित ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई, जबकि गोली बाथरूम के दरवाजे में जा धंसी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तथा घटनास्थल से गोली का खाली खोल बरामद किया। पीड़ित गुरदीप ने बताया कि सोमवार दिन में उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद उसकी पत्नी का भाई कमल, जो हिसार का निवासी है, घर पहुंचा और अपनी बहन को अपने साथ ले गया।
गुरदीप का आरोप है कि जाते समय कमल ने उसे फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। गुरदीप के अनुसार, सोमवार रात करीब एक बजे कमल घर का गेट फांदकर अंदर घुस आया और उस पर गोली चला दी। जान बचाने के लिए वह तुरंत बाथरूम में जाकर छिप गया। गोली बाथरूम के दरवाजे में जा लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद गुरदीप ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गोली का खाली खोल और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए।
मामले की सभी पहलुओं से की जा रही जांच: जांच अधिकारी
मामले के जांच अधिकारी रामपाल ने बताया कि रात करीब एक बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि गोली गुरदीप को नहीं लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फायरिंग लाइसेंसी हथियार से की गई या अवैध देसी हथियार का इस्तेमाल हुआ। आरोपी की तलाश जारी है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

About The Author