Water Crisis: आठ महीनों से पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन
अलखपुरा में पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने तोशाम-हांसी रोड किया जाम
तोशाम (सच कहूँ/विरेंद्र सिंह)। Tosham News: गांव अलखपुरा में पिछले करीब आठ महीनों से पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने तोशाम-हांसी रोड पर गांव के बस अड्डे के पास जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लगभग दो घंटे जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के जलघर में भूरटाना माइनर से पानी आता है, लेकिन माइनर की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण जलघर के टैंक तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा। इसके चलते गांव में पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले आठ महीनों से उन्हें पीने के पानी की भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। मजबूरी में कई परिवार एक हजार रुपये तक खर्च कर पानी के टैंकर खरीदकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जलघर के टैंक की भी नियमित सफाई नहीं हो रही और गांव में पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि तोशाम विधानसभा क्षेत्र से सिंचाई मंत्री होने के बावजूद लोगों को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जो व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों में जलघर के टैंक को भरवा दिया जाएगा तथा गांव में पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और यातायात सामान्य हो गया।
About The Author