भिवानी पुलिस ने मनदीप उर्फ बागड़ी को 16 साथियों सहित दबोचा
हत्या के आरोप में सजा काट रहे आरोपी ने पैरोल पर आकर बुढेड़ा में फैलाई थी दहशत
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी में एक हत्यारे द्वारा जेल से पैरोल पर आकर अपने गांव में दहशत फैलाना भारी पड़ा है। पुलिस ने आरोपी को उसके 16 साथियों सहित गिरफ्तार कर वापस जेल भेज दिया है। हरियाणा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इससे भी हैरानी की बात ये है कि कुछ अपराधी अपराध करने के बाद बचने या सुधरने की बजाय फिर से दहशत फैलाने के लिए शक्ति प्रदर्शन करते हैं। इसकी ताजा बानगी भिवानी जिला के तोशाम कसबे स्थित बुढेड़ा गांव में दिखी। जहां हत्या के आरोप में उम्रकैद काट रहे मनदीप उर्फ बागड़ी नामक बदमाश ने पैरोल पर आकर फिर से अपने गांव में दहशत फैलाने, खुद को बड़ा गैंगस्टर दिखाने के लिए अपने कई साथियों के साथ 10-15 गाड़ियां लेकर शक्ति प्रदर्शन किया।
भिवानी पुलिस द्वारा मनदीप उर्फ बागड़ी के साथ उसके साथी संदीप निवासी बुढेड़ा, मोनू निवासी बागनवाला, बजरंग निवासी तोशाम, अमित निवासी राजस्थान, आशीष निवासी खानक, विकास निवासी सिद्धवा, आकाश निवासी तोशाम, मोनू निवासी खानक, रमेश निवासी तोशाम, जितेंद्र निवासी तोशाम, जोगेंद्र निवासी तोशाम, जगजीत निवासी तोशाम, सावन निवासी तोशाम, पंकज निवासी तोशाम, सुनील निवासी किरावड व अजय निवासी किरावड को गिरफ्तार किया है। यही नहीं आरोपी ने दहशत फैलाने के लिए वो विडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किया। डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि आरोपी मनदीप 2018 व 2020 में लड़ाई-झगड़े, जानलेवा हमला करने व हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहा है। डीएसपी अनूप ने बताया कि पैरोल के नियम हैं कि पैरोल पर आया आदमी शांति भंग नहीं करेगा, वो अपना स्थान छोड़ कर कहीं दूर नहीं जाएगा। डीएसपी ने कहा कि पुलिस की हर अपराधी व सोशल मीडिया पर पैनी नजर है। साथ ही आमजन से उन्होंने किसी भी अपराधी की ऐसी कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को देने की अपील की।