पुलिस ने छापेमारी करके ठगी करने वाले पांच आरोपी किए गिरफ्तार

बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: गुरुग्राम साइबर क्राइम मानेसर पुलिस ने बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली के न्यू अशोक नगर में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 21 फरवरी को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि फेसबुक पर सामान बेचने के विज्ञापन के जरिए उसे फर्जी पेमेंट लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसका फोन हैक कर लिया गया और खाते से 56 हजार 650 रुपये निकाल लिए गए।

शिकायत पर थाना साइबर अपराध मानेसर में मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने 23 जून को न्यू अशोक नगर दिल्ली में छापेमारी की। यहां बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज कुमार उम्र 27 वर्ष निवासी नालंदा बिहार, प्रशांत कुमार उम्र 28 वर्ष निवासी मुरादाबाद यूपी, करण उम्र 19 वर्ष निवासी शेखपुरा बिहार, सोनू उम्र 24 वर्ष निवासी शेखपुरा बिहार और अखिल अहमद उम्र 28 वर्ष निवासी बिजनौर यूपी के रूप में हुई है।

एपीके फाईल भेजकर आरोपी करते थे मोबाईल हैक 

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फेसबुक पर बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाते थे। लोगों को आकर्षित कर उनसे संपर्क करते थे और सत्यापन या आॅनलाइन खरीदारी के नाम पर एपीके फाइल या फर्जी लिंक भेजते थे। जैसे ही पीड़ित लिंक पर क्लिक करता, उनके मोबाइल और बैंकिंग की जानकारी लेकर साइबर ठगी की जाती थी। आरोपियों को इसके बदले सैलरी मिलती थी। छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया है। बरामद उपकरणों और आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों का भी खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। 

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम में बिग बास्केट और डी-मार्ट के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर से पकड़े गए आरोपी।  

About The Author

Related Posts