प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शिखर शिक्षा सदन के छह निशानेबाज चयनित, विद्यालय में खुशी की लहर
शिखर शिक्षा सदन के निशानेबाजों ने किया कमाल
मीरांपुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी बेहतरीन निशानेबाजी का दम दिखाते हुए विद्यालय को गौरव का अवसर दिया है। 21 जून को आयोजित राज्य स्तरीय 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के छह खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
प्री नेशनल के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों में जसप्रीत कौर, रिहान अब्बासी, वीरभद्र, रुद्रवीर, युवराज और शौर्य राणा शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है और सभी ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताई।
विद्यालय के निदेशक राजेश शर्मा ने चयनित खिलाड़ियों और उनके कोच तापेन्द्र सिंह को बधाई देते हुए कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, मीरांपुर और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी राय ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी लगन और निरंतर अभ्यास उन्हें नई सफलताओं तक पहुंचाएगा। वहीं विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभाशीष देते हुए खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की।

About The Author