मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज यूनियन, 30 जून को सर्कल स्तर पर होगा प्रदर्शन

बिजली कर्मचारियों का ऐलान, 2 जुलाई को बिजली मंत्री के आवास का करेंगे घेराव

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्ज यूनियन ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 2 जुलाई को प्रदेशभर के बिजली कर्मचारी बिजली मंत्री अनिल विज के अंबाला स्थित आवास का घेराव करेंगे। इससे पहले 30 जून को सर्कल स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। केंद्रीय परिषद के आह्वान पर वीरवार को सरसा में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता सिटी यूनिट प्रधान सीताराम सोनी और सब-अर्बन यूनिट प्रधान मनोज कुमार ने की। इस दौरान राज्य प्रेस सचिव श्यामलाल खोड, राज्य सह-सचिव देवीलाल बिरड़ा, राज्य सलाहकार रामशरण और सर्कल सचिव सतिंद्र मोंगा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर कई दौर की वातार्एं, ज्ञापन और बैठकें होने के बावजूद प्रबंधन और सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। राज्य प्रेस सचिव श्यामलाल खोड ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए अब संघर्ष को और तेज करना पड़ेगा।

ट्रांसफर नीति और कर्मचारियों की कमी प्रमुख मुद्दे

सर्कल सचिव सतिंद्र मोंगा ने कहा कि आॅनलाइन ट्रांसफर नीति, कर्मचारियों की भारी कमी, लंबित मांगों और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। वहीं यूनिट प्रधानों ने मांग की कि वर्षों से अपने गृह क्षेत्र से बाहर कार्यरत कर्मचारियों के लिए स्पष्ट स्थानांतरण नीति बनाई जाए और उन्हें जल्द होम सर्कल में समायोजित किया जाए।

निजीकरण का करेंगे विरोध

यूनियन नेताओं ने साफ कहा कि हरियाणा एग्री डिस्कॉम और बिजली क्षेत्र के निजीकरण की किसी भी योजना को कर्मचारी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी जारी रखी तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है। श्यामलाल खोड ने कहा कि 2 जुलाई को बिजली मंत्री के आवास के घेराव कार्यक्रम में प्रदेशभर से कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन के कारण यदि किसी प्रकार की औद्योगिक अशांति पैदा होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।

Sirsa News
Sirsa News: सरसा में मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी।

About The Author

Related Posts