जमीन विवाद में कार्रवाई नहीं होने पर थाने के बाहर दिया धरना
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। Rania News: गांव फिरोजाबाद में जमीन विवाद को लेकर पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने वीरवार को रानियां थाना के मुख्य गेट के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि शिकायत दिए जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। किसान हरकिशन और जसवंत सिंह ने बताया कि 19 जून को कुछ लोग कई गाड़ियों, ट्रैक्टरों और मोटरसाइकिलों में सवार होकर उनकी भूमि पर पहुंचे और कथित तौर पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।
उनका आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें हथियारों के बल पर डराया-धमकाया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद संबंधित लोग वहां से चले गए। उनका कहना है कि पुलिस को शिकायत देने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जसवंत सिंह ने दावा किया कि उनके नाम 3.4 एकड़ भूमि दर्ज है, जबकि दूसरे पक्ष द्वारा करीब 7 एकड़ भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने थाना प्रभारी पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत के आरोप लगाए।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा उनकी भूमि पर कब्जे के किसी भी प्रयास को रोकने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार संबंधित भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने तक उनकी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
रानियां थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामले का निरीक्षण ऐलनाबाद के डीएसपी द्वारा भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं तथा दोनों पक्षों के तथ्यों की निष्पक्षता से जांच की जा रही है।
