भाजपा नेता के क्लीनिक पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
गिरफ्तारी के बाद फरार होने की कोशिश में दोनों आरोपी हुए घायल
बठिंडा (सच कहूँ/सुखजीत मान)। Bathinda News: बठिंडा में भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में बठिंडा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को यह कामयाबी सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जाँच के आधार पर आरोपियों की पहचान होने के बाद मिली। तीन आरोपियों में से एक अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। वीरवार को यहाँ आयोजित प्रेस वार्ता में डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह तथा एसएसपी बठिंडा डॉ. ज्योति यादव बैंस ने बताया कि एसपी सिटी नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ-2 बठिंडा और काउंटर इंटेलिजेंस विंग की टीमों ने 22 जून की रात बठिंडा में डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शिकायतकर्ता डॉ. तरसेम गर्ग की पत्नी के बयान के आधार पर पहले से दर्ज मामले में सहजाद भट्टी को आरोपी नामजद करते हुए मामला दर्ज किया। जाँच टीमों ने विभिन्न तकनीकी और अन्य पहलुओं के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की। पहचान होने के बाद सीआईए स्टाफ-2 और काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा की संयुक्त कार्रवाई में नाखुल कुमार राजपूत पुत्र देवी लाल तथा गुरविन्द्र सिंह उर्फ उल्ली पुत्र अमरीक सिंह, निवासी गांव खुईयां सरवर, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपियों को गिरफ्तार कर लेकर आ रही थी, तब उन्होंने पेशाब करने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया और बठिंडा-श्री मुक्तसर साहिब हाईवे पर बने पुल से छलांग लगाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान गुरविन्द्र सिंह की टांग तथा नाखुल राजपूत की बाजू टूट गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को दोबारा काबू कर सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती करवाया। वहीं तीसरे आरोपी संदीप सिंह निवासी फाजिल्का की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।
तीन-तीन हजार रुपये के लालच में दिया घटना को अंजाम
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि गुरविन्द्र सिंह और नाखुल राजपूत को इस पेट्रोल बम हमले को अंजाम देने के बदले तीन-तीन हजार रुपये देने का लालच दिया गया था। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जाँच की जा रही है।