नगर निगम ने बारिश से पहले शुरू की जैकब ड्रेन की सफाई
मानसून से पहले जैकब ड्रेन की सफाई शुरू
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: मानसून से पहले नगर निगम ने जैकब ड्रेन की सफाई का कार्य तो शुरू कर दिया है, लेकिन यह काम काफी धीमी गति से चल रहा है। गाँव सूलर के निकट ड्रेन के एक हिस्से में पोकलेन मशीन की सहायता से जमा गाद और जंगली झाड़ियों को निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरा जा रहा था, जबकि कुछ दूरी पर एक जेसीबी मशीन भी सफाई कार्य में लगी हुई थी।
नगर निगम ने हाल ही में काले मुंह की बगीची से सूलर पुल तक ड्रेन की सफाई और डी-सिल्टिंग के लिए 21.02 लाख रुपये का टेंडर जारी किया था। लगभग 20 किलोमीटर लंबी जैकब ड्रेन में से केवल 5 किलोमीटर क्षेत्र की देखरेख नगर निगम के अधीन आती है, जबकि शेष हिस्सा ड्रेनेज विभाग के अधिकार क्षेत्र में है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि मानसून सिर पर है, जबकि निगम को अब जाकर ड्रेन की सफाई की याद आई है। पूर्व मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने इस अभियान को केवल दिखावटी कदम बताया।
मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि ठेकेदार को मानसून शुरू होने से पहले सफाई कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए शहर में कहीं भी पानी जमा नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही जिन-जिन स्थानों पर कार्य चल रहे हैं, उनकी नियमित जाँच भी की जाएगी।
