मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 4.43 लाख से अधिक मरीजों का 782 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज

पटियाला पंजाब में सबसे आगे, 52,672 मरीजों ने उठाया लाभ, 79.15 करोड़ रुपये खर्च

Published On

पटियाला (सच कहूूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: पंजाब की ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। स्टेट हेल्थ एजेंसी (एसएचए) पंजाब के अनुसार, पटियाला जिला इस योजना को अपनाने और इसके उपयोग में सबसे आगे है तथा योजना के तहत राज्य में सर्वाधिक मरीजों और खर्च के मामले में शीर्ष स्थान पर है। पूरे पंजाब में 4,43,906 से अधिक मरीज इस योजना का लाभ ले चुके हैं, जिनके उपचार पर कुल 782.79 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना राज्य की सबसे प्रभावी जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक बन चुकी है।

एसएचए पंजाब के 23 जून तक के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस योजना ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाया है। पटियाला योजना का लाभ लेने में सबसे आगे है, जहाँ 52,672 मरीजों के इलाज पर लगभग 79.15 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बाद बठिंडा का स्थान है, जहाँ 30,813 मरीजों के उपचार पर 76.81 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि लुधियाना में 44,227 मरीजों के इलाज पर 60.54 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पटियाला की इस अग्रणी स्थिति से यह स्पष्ट होता है कि वहाँ अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय और लाभार्थियों में योजना के प्रति अधिक जागरूकता है।

डॉ. बलबीर सिंह ने जोर देते हुए कहा, कि हमारा उद्देश्य बहुत स्पष्ट है, पंजाब में कोई भी परिवार बीमारी के कारण कर्जदार न बने। यह योजना हर तिमाही के साथ और अधिक विस्तार पा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह योजना काफी चर्चा में है। मानसा के 62 वर्षीय किसान गुरमीत सिंह ने कहा कि यदि यह योजना न होती तो इलाज के लिए मुझे अपनी जमीन बेचनी पड़ती। ऐसे ही अनुभव संगरूर, होशियारपुर और फिरोजपुर सहित कई जिलों से सामने आ रहे हैं, जहाँ मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

Patiala News
फाईल फोटो

About The Author

Related Posts