सब जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
इंदौर में चमके मुजफ्फरनगर के खिलाड़ी, किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर (सच कहूँ न्यूज़)। Muzaffarnagar News: वाको इंडिया द्वारा 17 से 21 जून तक इंदौर (मध्य प्रदेश) के इंदौर पब्लिक स्कूल में आयोजित सब जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं दो रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में राखी एकेडमी, मुजफ्फरनगर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं एस.एस.आई.ए. के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों में पुष्पराज चौधरी (12 वर्ष) ने -42 किलोग्राम भार वर्ग के किक लाइट मुकाबले में स्वर्ण पदक तथा पॉइंट फाइट स्पर्धा में रजत पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।
वहीं अरनव शर्मा (9 वर्ष) ने -33 किलोग्राम भार वर्ग की पॉइंट फाइट स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा श्री चौहान (11 वर्ष) ने -32 किलोग्राम भार वर्ग तथा आराधना (10 वर्ष) ने -28 किलोग्राम भार वर्ग की पॉइंट फाइट स्पर्धा में पांचवां स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता से विजयी होकर लौटने पर खिलाड़ियों और उनके कोच मनोज कुमार का क्षेत्रवासियों एवं अभिभावकों द्वारा ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
मुजफ्फरनगर किक बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं एस.एस.आई.ए. परिवार ने सभी अभिभावकों, क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों का सहयोग और उत्साहवर्धन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

About The Author