सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: सेवा का जज्बा हो तो न भीषण गर्मी आड़े आती है और न ही थकान। शनिवार को गांव बकरियांवाली और साहुवाला द्वितीय में कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। ग्राम पंचायतों के निवेदन पर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां द्वारा चलाए इस अभियान के तहत शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों ने श्रमदान कर कुछ ही घंटों में दोनों गांवों के कई सार्वजनिक स्थलों की सूरत बदल दी। कड़ी धूप के बावजूद पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ किए गए इस सेवा कार्य ने न केवल गांवों को स्वच्छता की सौगात दी, बल्कि ग्रामीणों के बीच जनसेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी पहुंचाया।

शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों ने दोनों गांवों में अलग-अलग टीमें बनाकर ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ का पावन नारा लगाते हुए अभियान की शुरूआत की। सेवादारों ने कस्सी, तसला और दराती जैसे पारंपरिक उपकरणों की सहायता से सफाई कार्य किया। गांव बकरियांवाली में श्मशान भूमि, सरकारी स्कूल के बाहर तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर पूरे परिसर को व्यवस्थित किया गया, जबकि साहुवाला द्वितीय में सरकारी स्कूल, गांव की गलियों, अंबेडकर पार्क सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा-कचरा हटाकर उन्हें साफ-सुथरा बनाया गया। अभियान के दौरान सेवादार पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सेवा कार्य में जुटे रहे।
.jpg)
सेवादारों ने ट्रैक्टर और रोटावेटर की सहायता से श्मशान भूमि में उगी खरपतवार को हटाया, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कूड़ा-कर्कट को एकत्रित कर गांव से बाहर पहुंचाया। गांव बकरियाँवाली की सरपंच विद्या देवी, सरपंच प्रतिनिधि विनोद कासनियां तथा साहुवाला द्वितीय की सरपंच रचना और सरपंच प्रतिनिधि भूपेंद्र ने सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पूज्य गुरु जी से किए एक निवेदन पर ही डेरा सच्चा सौदा के सेवादार गांव में सफाई के लिए पहुंच गए। उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य से पूरे गांव को लाभ मिला है तथा ग्रामीणों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने पूज्य गुरु जी तथा साध-संगत का आभार व्यक्त किया।
गांव पर नहीं छोड़ा कोई बोझ, साथ लेकर पहुंचे भोजन-पानी
सफाई अभियान के लिए पहुंचे सेवादार अपने साथ लंगर-भोजन, पेयजल और अन्य खाद्य सामग्री भी लेकर आए थे। दिनभर कड़ी धूप में सेवा करने के बावजूद उन्होंने किसी प्रकार की व्यवस्था गांव पर नहीं छोड़ी, बल्कि अपनी जरूरत का सारा सामान स्वयं साथ लेकर पहुंचे। सेवादारों की इस सेवा भावना, अनुशासन और आत्मनिर्भरता को देखकर ग्रामीणों ने उनकी जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि निस्वार्थ भाव से समाज की भलाई के लिए किया जा रहा यह कार्य वास्तव में प्रेरणादायक है।
लगातार जारी है अभियान
सच्चे नम्र सेवादार रामपाल इन्सां, यादविंदर इन्सां, जितेंद्र इन्सां, सुरजीत, मुखलराज, विजय चोपटा, बबरू भान इन्सां और सुशील इन्सां पनिहारी ने बताया कि हाल ही में आसपास के कई गांवों की ग्राम पंचायतों ने पूज्य गुरु जी से मिलकर अपने-अपने गांवों में सफाई अभियान चलाने का निवेदन किया था। इसी क्रम में शुक्रवार को केलनिया, अली मोहम्मद और सहारनी गांवों में सफाई अभियान चलाया गया, जबकि शनिवार को बकरियांवाली और साहुवाला द्वितीय में अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि सेवादारों ने कुछ ही घंटों की मेहनत से दोनों गांवों को स्वच्छ बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी की भावना को भी मजबूत करना है।
.jpg)
साहुवाला द्वितीय की सरपंच रचना ने कहा कि उनकी एक छोटी सी अपील पर ही डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों को गांव को साफ-सुथरा बनाने के लिए यहां पहुंचे। उन्होंने मात्र कुछ घंटों में ही गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर बदलकर रख दी। उन्होंने कहा कि पूरी ग्राम पंचायत पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की मानवतावादी सोच और समाज सेवा के कार्यों से प्रभावित है। गांव में सफाई अभियान चलाने के लिए हम पूज्य गुरु जी और साध-संगत के सदैव आभारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायत भविष्य में भी गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
.jpg)
बकरियाँवाली के सरपंच प्रतिनिधि विनोद कासनिया ने कहा कि कड़ी धूप और भीषण गर्मी भी सेवादारों के सेवा जज्बे को कम नहीं कर सकी। सेवादार पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ गांव की सफाई में जुटे रहे और कुछ ही घंटों में सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर बदल दी। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा की ऐसी मिसालें समाज को नई दिशा देने का काम करती हैं। ग्राम पंचायत डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों की इस सेवा भावना को सलाम करती है और भविष्य में जब भी सेवादारों को ग्राम पंचायत के सहयोग की आवश्यकता होगी, पूरी पंचायत उनके साथ खड़ी मिलेगी। उन्होंने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां तथा साध-संगत का विशेष आभार व्यक्त किया।