Coaching Institutes Inspections: लखनऊ अग्निकांड के बाद कोचिंग संस्थानों की जांच तेज, कमियां मिलने पर थमाए नोटिस

35 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण, 15 दिन में सुरक्षा मानक पूरे कर फायर एनओसी लेने के निर्देश

Published On

Coaching Institutes Inspections: हनुमानगढ़। लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुई आगजनी की घटना के बाद हनुमानगढ़ नगर परिषद प्रशासन सतर्क हो गया है। शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों में फायर एनओसी और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जांच अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को नगर परिषद की टीम ने टाउन क्षेत्र के कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया और सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए। Hanumangarh News

सहायक अग्निशमन अधिकारी यूनस खान ने बताया कि नगर परिषद आयुक्त के निर्देशानुसार कोचिंग संस्थानों सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच की जा रही है। अब तक 35 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान संस्थानों में अग्निशमन यंत्र, स्प्रिंकलर, मैनुअल कॉल प्वाइंट, हूटर फायर अलार्म, आपातकालीन निकास (एग्जिट गेट) तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित संस्थान ने फायर एनओसी प्राप्त की है या नहीं।

यूनस खान ने बताया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई है, उन्हें 15 दिन का समय देकर नोटिस जारी किए गए हैं। इस अवधि में कमियां दूर कर फायर एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में नियमों की पालना नहीं करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एक कोचिंग संस्थान के संचालक विकास कुमार ने छोटे कोचिंग संस्थानों को राहत देने की मांग की। उनका कहना था कि कुछ कोचिंग सेंटर वर्ष में सीमित समय के लिए ही संचालित होते हैं, इसलिए उनके लिए अलग व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को किसी बड़ी घटना के बाद ही नहीं, बल्कि समय-समय पर नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण करते रहने चाहिए। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts