गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ झगड़ा, एक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

आरोपी सोनीपत से गिरफ्तार, पूछताछ जारी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: गुरुग्राम की खांडसा मंडी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान भारत भूषण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी जय भगवान उर्फ सीटू को सोनीपत से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि थाना शिवाजी नगर पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली थी कि खांडसा मंडी निवासी भारत भूषण की इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच में सामने आया कि उनकी मौत झगड़े के दौरान लगी गंभीर चोटों के कारण हुई है।

मृतक के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सुबह करीब पांच बजे अपने भाई के साथ दुकान के सामने फल की रेहड़ी लगा रहे थे। इसी दौरान पास की दुकान पर मौजूद राहुल ने गाड़ी लगाने से मना किया और दुकान मालिक जय भगवान को बुला लिया। आरोप है कि जय भगवान ने आते ही विवाद शुरू कर दिया और नुकीली वस्तु से भारत भूषण की छाती पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पार्किंग विवाद में गुस्से में वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल नुकीला हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है। 

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम की खांडसा मंडी में पार्किंग विवाद को लेकर हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी।

 

About The Author

Related Posts