नशे के खिलाफ सरकार की बड़ी कार्रवाई: गुरुग्राम में एसआईआर के लिए राजनीतिक पार्टियों को बीएलए-2 नियुक्त करने को लेकर बैठक लेते उपायुक्त उत्तम सिंह
विधायक सुनील सांगवान समसपुर धरने पर पहुंचे, ग्रामीणों को कार्रवाई का दिया आश्वासन
चरखी दादरी (सच कहूँ/ इन्द्रवेश)। Charkhi Dadri News: हरियाणा सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरखी दादरी जिला को बड़ी सौगात मिली है। विधायक सुनील सांगवान ने गांव समसपुर में नशे के विरोध में चल रहे ग्रामीणों के धरने पर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि क्षेत्र से नशा माफियाओं का पूरी तरह सफाया किया जाएगा। विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि उन्होंने दादरी क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से विशेष मुलाकात की थी।
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभाव से चरखी दादरी में समर्पित स्पेशल नार्कोटिक यूनिट के गठन को मंजूरी प्रदान की है। साथ ही यूनिट के लिए आवश्यक स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा बचे हुए आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सरकार और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट होकर गांव समसपुर के ग्रामीणों ने अपना अनशन वापस लेने की घोषणा की।
ग्रामीणों ने विधायक सुनील सांगवान के प्रयासों तथा सरकार की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद धरना भी समाप्त कर दिया जाएगा। विधायक सुनील सांगवान ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा और पुलिस व प्रशासन का सहयोग करना होगा, ताकि युवा पीढ़ी को सुरक्षित और बेहतर भविष्य दिया जा सके।