Traffic Challan: गुरुग्राम में ओवरस्पीड पर सख्ती, 1646 वाहन चालकों के काटे चालान
सड़कों पर तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस गुरुग्राम ने अभियान चलाया
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: सड़कों पर तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस गुरुग्राम ने बड़ा अभियान चलाया। 30 दिन में पुलिस ने ओवर स्पीडिंग करने वाले कुल 1646 वाहन चालकों के चालान किए गए। इन चालानों से कुल 32 लाख 92 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक जून से 30 जून 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान मुम्बई एक्सप्रेस-वे, द्वारका एक्सप्रेस-वे एवं गोल्फ कोर्स रोड पर वाहनों की जांच की गई। जहां ओवर स्पीडिंग के सबसे ज्यादा मामले सामने आते हैं। पुलिस आयुक्त शिवाश कविराज ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना एवं दुर्घटनाओं व आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान एवं सुबह के समय स्पेशल नाके भी लगाए जाते हैं। इसी क्रम में यह अभियान चलाया गया, जिसके तहत मोटर वाहन अधिनियम 1988 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई। गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ओवर स्पीडिंग न करें, अपनी एवं दूसरों की जान को जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। पुलिस आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार के विशेष चालान अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
