जनता के भरोसे को विकास में बदलना ही प्राथमिकताः कादियान
शाहपुर तगा में वाल्मीकि भवन का शिलान्यास
सोनीपत (सच कहूँ/ हेमंत कुमार)। Sonipat News: गांव शाहपुर तगा में वाल्मीकि भवन के आधारशिला रखी गई। समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और गन्नौर विधायक देवेंद्र कादियान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महर्षि वाल्मीकि भवन कल्याण समिति के अध्यक्ष मुकेश सौदा ने की।
समारोह के दौरान कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और विधायक देवेंद्र कादियान ने वाल्मीकि भवन निर्माण के लिए 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा की। विधायक कादियान ने पहले भी भवन की नींव रखने पर 5 लाख रुपए की राशि दी है। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि जनता ने उन्हें विधानसभा भेजकर क्षेत्र और समाज के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभा रहे है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि भवन समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि शिलान्यास समारोह में प्रदेशभर से लोगों की मौजूदगी समाज की एकजुटता का संदेश देती है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भगवान वाल्मीकि के जीवन और उनके आदर्शों का उल्लेख करते हुए समाज से शिक्षा, अनुशासन और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा और एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भगवान वाल्मीकि के नाम पर देशभर में विभिन्न विकास कार्य और संस्थानों का निर्माण हो रहा है तथा समाज को उनका सम्मान मिल रहा है। वहीं, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि का योगदान भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और ऐसे भवन सामाजिक समरसता को मजबूत करेंगे।
समारोह के समापन पर जनप्रतिनिधियों ने शाहपुर तगा गांव स्थित बाबा मोहनदास मंदिर और शिव मंदिर में मत्था टेका। इस अवसर पर सरपंच गीता त्यागी, बीजेपी नेता प्रदीप सांगवान, ब्लॉक समिति चेयरमैन अनिल कुमार, शमशेर सिंह तूफान, सरपंच प्रतिनिधि सुंदरलाल, जसबीर सरपंच, गुरमेल सरपंच, महेश त्यागी सरपंच, नरेंद्र यादव, राजेन्द्र सरपंच, अमित त्यागी, मोनू त्यागी, बिरजू पहलवान, अंकित मल्होत्रा, अमित टांक, सुशील, नरेश, अमृत पहलवान, सतबीर सिंह महाराज, बॉबी, अशोक चौहान, राकेश कुमार, संजय कुमार, वेदप्रकाश समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
.jpg)