हरिराम हत्या मामले में आरोपी बेटा गिरफ्तार
सिवानी में पिता की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी के सिवानी थाना पुलिस ने अपने ही पिता की हत्या के मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया किक सिवानी के वार्ड नंबर-2 निवासी बीरमती ने सिवानी थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 03-04 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे वह अपने पति हरिराम तथा बच्चों के साथ घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र संदीप घर पर आया। हरिराम ने देर रात घर आने का कारण पूछा तो संदीप अपने पिता से झगड़ा करने लगा। जब शिकायतकर्ता ने बीच-बचाव किया तो आरोपी संदीप ने बर्फ तोड़ने वाले सूए से अपने पिता हरिराम पर कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
घायल हरिराम को उपचार के लिए पहले सिवानी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। हिसार में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने हरिराम को मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिवानी थाना के प्रभारी उप निरीक्षक पंकज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बर्फ तोड़ने का सूआ तथा मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। आरोपी संदीप को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।