Public Transport News: गुरुग्राम को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, सीएम सैनी ने दिखाई हरी झंडी
20 रूटों पर चलेंगी नई बसें, अब शहर में कुल 250 बसें चलेंगी
गुरुग्राम, 28 नवम्बर (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गुरुग्राम के लोगों को सस्ती, आरामदायक और साफ-सुथरी बस सेवा की सौगात दी। उन्होंने 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में जुड़ी हैं। ये बसें गुरुग्राम जिले के 20 अलग-अलग रूटों पर चलेंगी। इससे शहर के कई इलाके आपस में बेहतर तरीके से जुड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने जीएमसीबीएल के नए इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम में शहरी बस सेवा साल 2018 में सिर्फ 25 बसों से शुरू हुई थी। अभी 150 सीएनजी बसें चल रही हैं। अब 100 इलेक्ट्रिक बसें जुड़ने से कुल संख्या 250 हो गई है। उन्होंने इसे गुरुग्राम के बस सफर के इतिहास में नई शुरूआत बताया। ये बसें प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत आई हैं। इस योजना में पूरे देश में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री के अनुसार गुरुग्राम की 100 बसें इसी बड़े लक्ष्य की ओर एक अहम कदम हैं।
जनता से अपील: निजी गाड़ी की जगह बस में सफर करें
मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे अपनी गाड़ी की जगह बसों में सफर को पहली पसंद बनाएं। इससे हर नागरिक पर्यावरण बचाने में अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, परिवहन, पीने का पानी और शहर की दूसरी सुविधाओं से जुड़े काम समय पर पूरे करने पर ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा 2047 का लक्ष्य पाने के लिए ऐसे शहर चाहिए जहां रोजगार के मौके हों, हवा साफ हो और आने-जाने की सुविधा अच्छी हो।
इसी सोच से सरकार इलेक्ट्रिक बसों का दायरा बढ़ा रही है। अभी प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इस साल के अंत तक इनकी संख्या 375 की जाएगी। गुरुग्राम का यह डिपो प्रदेश का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में जल्द ही 450 नई छोटी बसें शुरू होंगी। कार्यक्रम में विशेष अतिथि पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर को लंबे समय से इन बसों की जरूरत थी। 9 मीटर लंबी ये बसें गुरुग्राम की तंग और भीड़भाड़ वाली सड़कों के लिए ठीक रहेंगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम प्रदूषण की समस्या से भी जूझ रहा है, इसलिए इलेक्ट्रिक बसें काफी मददगार होंगी।
Comments