बच्चों को सिर्फ पढ़ाएं नहीं, उनके मन को भी पढ़ें : डॉ. शीला पुनिया

पैरेंट्स ओरिएंटेशन सेशन में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, स्क्रीन टाइम और व्यवहार में बदलाव पर हुई चर्चा

Published On

Parent Orientation Session: सरसा, 28 नवंबर (सच कहूँ/सुशील कुमार)। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल, सरसा में शनिवार को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए पैरेंट्स ओरिएंटेशन सेशन आयोजित किया गया। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बच्चों की शिक्षा के साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार, स्क्रीन टाइम और माता-पिता के साथ संवाद को लेकर महत्वपूर्ण बातें साझा की गईं।

Sheela-Punia

मुख्य वक्ता शाह सतनाम जी कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्रशासिका डॉ. चरणप्रीत कौर और शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया ने अभिभावकों को बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने कहा कि बदलते दौर में बच्चों के व्यवहार को समझना बेहद जरूरी है। बच्चों में खालीपन, अकेलापन और बनावटीपन बढ़ रहा है। ऐसे में माता-पिता को बच्चों को समय देने के साथ उनकी बात सुननी और उनके व्यवहार में आने वाले बदलावों को समझना होगा।

बच्चे को पढ़ो, सिर्फ किताब मत पढ़ाओ

प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया ने कहा कि आज बच्चों में चिंता, चिड़चिड़ापन और चुप रहने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चे को पढ़ो, यानी केवल किताबें पढ़ाने के बजाय बच्चे के मन, चेहरे और बदलते व्यवहार को समझें। उन्होंने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि बच्चे की प्रतिभा को निखारकर उसे आगे बढ़ाना भी है। बच्चों को केवल सपने देखना नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करना सिखाना जरूरी है।

0-7 और 12-18 साल की उम्र अहम

सेशन में बताया गया कि 0 से 7 वर्ष की उम्र में बच्चे परिवार से संस्कार और आदतें सीखते हैं, जबकि 12 से 18 वर्ष की उम्र में शारीरिक और मानसिक बदलाव तेजी से होते हैं। यह समय बच्चों के लिए बेहद संवेदनशील होता है। इसलिए इस दौरान माता-पिता को बच्चों के साथ धैर्य, समझ और दोस्ताना व्यवहार रखना चाहिए।

मोबाइल से दूरी, बच्चों को दें समय

वक्ताओं ने बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम पर चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल की अधिकता से बच्चों में शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं और अकेलापन, आंखों से जुड़ी समस्याएं, मोटापा व चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। अभिभावकों से आह्वान किया गया कि वे रोजाना कम से कम दो घंटे मोबाइल से दूरी बनाकर यह समय बच्चों के साथ बिताएं। उनसे बातचीत करें, उनकी बातें सुनें और उनके साथ खेलें। सेशन में विद्यार्थी चिंता, सोशल मीडिया व मोबाइल की लत, व्यवहारिक एवं मनोवैज्ञानिक समस्याओं, माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद तथा प्रभावी पैरेंटिंग जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अंत में अभिभावकों ने बच्चों को पर्याप्त समय देने, उनकी बात सुनने और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया ने डॉ. चरणप्रीत कौर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सेशन समय-समय पर आयोजित होने चाहिए।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts