चरखी दादरी के इस छोटे से गांव के गजेश मेहरा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर बढ़ाया मान

लंदन में हासिल की मेरिट, गांव बेरला का बढ़ाया मान

Published On

भिवानी, (सच कहूँ न्यूज)। किसी गांव से निकला बेटा जब सात समंदर पार अपनी मेहनत का परचम लहराता है तो उसकी सफलता सिर्फ परिवार की खुशी नहीं रहती, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन जाती है। चरखी दादरी जिला के गांव बेरला के गजेश मेहरा ने ऐसा ही मुकाम हासिल किया है। वरिष्ठ पत्रकार सुरेश मेहरा के बेटे गजेश मेहरा ने लंदन से मास्टर्स इन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट (आईटी) की पढ़ाई में मेरिट हासिल कर परिवार, गांव, जिला और प्रदेश का मान बढ़ाया है।

गजेश की यह उपलब्धि एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों की लगन, अनुशासन और माता-पिता के संस्कारों की कहानी है। उन्होंने पहले दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी केमिस्ट्री की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए लंदन का रुख किया। वहां प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और आईटी जैसे प्रतिस्पर्धी क्षेत्र में मास्टर्स के दौरान मेरिट हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की है। गजेश की सफलता ने उनके माता-पिता के इस सपने को साकार किया है।

बेटे की उपलब्धि की खुशी उस समय और बढ़ गई, जब सुरेश मेहरा और उनकी पत्नी शीला देवी का लंदन का वीजा भी स्वीकृत हो गया है। अनेक संगठनों ने इस उपलब्धि पर उनको बधाई दी है। खेल प्रेरक राजनारायण पंघाल ने गजेश की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है। एमएनएस राजकीय महाविद्यालय सांध्यकालीन पारी के प्राचार्य प्रो. राजकुमार मुंढाल ने लंदन की धरती पर दादरी और भिवानी जिले का मान बढ़ाने पर बधाई दी है।

अधिवक्ता सत्यजीत पिलानिया ने गजेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आईटी एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करें और अपने परिवार, गांव, जिले व हरियाणा का नाम रोशन करते रहें। पालेराम चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सुरेंद्र सभ्रवाल ने कहा कि लंदन की धरती पर गजेश की इतनी बड़ी उपलब्धि हम सबके लिए गौरव की बात है। शिक्षाविद डॉ. कल्पना शर्मा ने गजेश की उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताया है। इनके अलावा भी अनेक संगठनों प्रबुद्ध नागरिकों ने बधाई दी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts