HSSC PST 2026: वन विभाग भर्ती का फिजिकल टेस्ट शेड्यूल जारी, 23 से 30 नवंबर तक होगा PST; जानें पूरी जानकारी

हरियाणा वन विभाग भर्ती का PST शेड्यूल जारी, करनाल में बनाया केंद्र

Published On

करनाल, सच कहूँ/विजय शर्मा। Haryana News: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की ओर से डिप्टी रेंजर (विज्ञापन संख्या 13/2024), फॉरेस्टर (02/2026) और फॉरेस्ट गार्ड (04/2026) के पदों के लिए शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) 23 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। आयोग ने परीक्षा की तैयारियों और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पीएसटी का केंद्र करनाल में आउटर रिंग रोड पर गांव दादूपुर खुर्द स्थित विवान होटल के निकट, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बनाया गया है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने भी अपने एक्स हैंडल के माध्यम से इसकी पुष्टि की है।

आयोग के निर्देशों के अनुसार, पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे के भीतर 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे के भीतर 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक बार शामिल होना होगा। उन्हें प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।

एडमिट कार्ड अनिवार्य, नि:शुल्क बस सेवा की सुविधा

अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने तथा निर्धारित रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने को कहा गया है। केंद्र पर एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए करनाल के नए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा स्थल तक नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए बस कंडक्टर को एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

बायोमेट्रिक के बाद मिलेगा बिब नंबर

पीएसटी स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए सबसे पहले प्रतीक्षा क्षेत्र (वेटिंग एरिया) बनाया गया है, जिसके बाद नि:शुल्क बैगेज स्टोरेज की सुविधा मिलेगी। बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने पर अभ्यर्थियों को बिब नंबर प्रदान किया जाएगा, जबकि रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ट्रैकिंग चिप उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी निर्धारित स्टार्टिंग पॉइंट से अपनी दौड़ शुरू करेंगे। दौड़ के दौरान ट्रैक पर प्रत्येक 500 मीटर की दूरी पर पेयजल की व्यवस्था रहेगी।

हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट पर मिलेंगे अपडेट

पीएसटी से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित नवीनतम अपडेट और दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी है।

मेडिकल बोर्ड, एंबुलेंस और सीसीटीवी से निगरानी

आयोग ने 23 नवंबर से पीएसटी समाप्त होने तक के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। चिकित्सा आधार पर छूट चाहने वाले अभ्यर्थियों को आयोग कार्यालय, पंचकूला में आवेदन के रूप में अपना प्रतिवेदन देना अनिवार्य होगा। उन्हें अपने साथ मेडिकल रिपोर्ट और अन्य संबंधित दस्तावेज भी लाने होंगे। परीक्षा स्थल पर चिकित्सा दल और एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा स्टाफ और पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts