शिक्षा और रोजगार
उत्तराखंड में 12 लोगों की मौत से पसरा मातम
टिहरी में यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रही बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त
Uttarakhand Road Accident: देहरादून (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तराखंड में सड़क हादसों ने एक बार फिर कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए दो अलग-अलग भीषण हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने दुर्गम पहाड़ी इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
टिहरी में पुल से नीचे गिरी यात्रियों से भरी बस
पहली दुर्घटना टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुलार क्षेत्र के पास हुई। मंगलवार सुबह ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही एक बस पुल से करीब 100 मीटर (लगभग 328 फीट) नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए।
घटना की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे मिली। इसके बाद ब्यासी और ढालवाला से एसडीआरएफ की टीमें तथा पुलिस मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बचाव दल भी तैनात किए गए। घायलों को निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
रुद्रप्रयाग में शादी से लौट रहे लोगों की बोलेरो खाई में गिरी
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात हुआ। पोखरी में आयोजित शादी समारोह से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में दस लोग सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान रांसी गांव के 60 वर्षीय कुंवर सिंह और 40 वर्षीय मदन सिंह, दैड़ा गांव के 42 वर्षीय सूरज सिंह तथा गैड़ बस्ती के 70 वर्षीय बलवीर सिंह के रूप में हुई है। घायलों में उमेश सिंह राणा, राजेंद्र सिंह, लविश राणा, आठ वर्षीय वंशिका, पूजा देवी और उर्मिला देवी शामिल हैं। चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया।
अंधेरे और दुर्गम रास्तों के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रुद्रप्रयाग हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। खड़ी चट्टानों, गहरी खाई और रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद बचाव दलों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी दस लोगों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को स्ट्रेचर के सहारे सड़क तक लाकर अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों दुर्घटनाओं में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यात्रा और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Comments