IGNOU Latest News: इग्नू की डिजिटल पहल! अब प्रोजेक्ट और असाइनमेंट ऑनलाइन होंगे जमा

ओपीएमएस व ओएएमएस के जरिए विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा, प्रोजेक्ट जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर और असाइनमेंट की 20 नवम्बर

Published On

IGNOU Latest Update: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने विद्यार्थियों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध शैक्षणिक सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ओपीएमएस) एवं ऑनलाइन असाइनमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (ओएएमएस) शुरू किए गए हैं। अब विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट एवं असाइनमेंट ऑनलाइन जमा करवाने होंगे।

राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में संचालित इग्नू अध्ययन केन्द्र-23139 के समन्वयक विनोद कुमार ने विश्वविद्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि इन डिजिटल व्यवस्थाओं से मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली अधिक सुलभ, पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं विद्यार्थी अनुकूल बनेगी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ओपीएमएस) के माध्यम से विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट, शोध कार्य, डिसर्टेशन, फील्ड वर्क एवं इंटर्नशिप रिपोर्ट जमा करवाने की प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है।

अब इनसे संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी निर्धारित ओपीएमएस प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन ही भेजने होंगे। इसके साथ ही विभिन्न पाठ्यक्रमों के असाइनमेंट हार्डकॉपी के रूप में अध्ययन केन्द्र पर जमा नहीं करवाने होंगे, बल्कि ऑनलाइन असाइनमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (ओएएमएस) के माध्यम से जमा करवाने होंगे। समन्वयक ने बताया कि ओपीएमएस के तहत प्रोजेक्ट आदि जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर तथा ओएएमएस के माध्यम से असाइनमेंट जमा करवाने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर निर्धारित की गई है।

विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखते हुए समय पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इन दोनों डिजिटल व्यवस्थाओं से कागजी कार्यवाही कम होगी, समय की बचत होगी तथा प्रोजेक्ट एवं असाइनमेंट प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी। साथ ही विद्यार्थी अपने जमा करवाए गए प्रोजेक्ट एवं असाइनमेंट की स्थिति भी तत्काल जान सकेंगे। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर अपनी लॉगइन आईडी एवं पासवर्ड दर्ज कर ओपीएमएस एवं ओएएमएस की सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय स्थित इग्नू अध्ययन केन्द्र पर संपर्क कर सकते हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts