चार साल के बच्चे को टॉफी का लालच देकर सोने की तबीती व चांदी के मादलिए निकाले
घर के बाहर खेल रहे मासूम के साथ वारदात, दादी की रिपोर्ट पर दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Child Jewellery Theft: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। रावतसर में घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय मासूम को टॉफी का लालच देकर उसके गले से सोने की तबीती और चांदी के मादलिए निकालने का मामला सामने आया है। बच्चे की दादी की रिपोर्ट पर रावतसर थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में वार्ड नंबर 24, रावतसर निवासी कृष्णा (65) पत्नी पृथ्वीराज सोनी ने बताया कि 14 नवम्बर की देर शाम करीब 7.30 बजे उसका चार वर्षीय दोहिता हिमांशु घर के गेट के आगे खेल रहा था। इसी दौरान वार्ड नंबर 24 निवासी मुकेश पुत्र प्रकाश नायक उसके पास आया और उसे दो टॉफियां देकर उसके गले में पहनी सोने की तबीती व चांदी के मादलिए निकाल लिए। इसके बाद बच्चा भागकर घर के अंदर आया और अपनी दादी को पूरी बात बताई।
कृष्णा के अनुसार वह तुरंत गली में पहुंची तो मुकेश और वार्ड नंबर 25 की रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी निवासी शनि पुत्र राजू मोटर साइकिल पर जाते दिखाई दिए। उसने शोर मचाया तो दोनों वहां से भाग गए। परिवादिया ने आरोप लगाया कि उसके वार्ड में नशे की प्रवृत्ति वाले युवक घूमते रहते हैं और नशे के कारण चोरी व लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने परिवादिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक सुखवीर सिंह को सौंपी है।
Comments