श्री गौशाला ट्रस्ट को चारा अनुदान की पहली किस्त में मिले 92 लाख 12 हजार 745 रुपये
नंदीशाला के लिए 23 लाख 03 हजार 738 का भी चेक विधायक ने सौंपा
भिवानी, सच कहूँ न्यूज़। Bhiwani News: हरियाणा सरकार एवं हरियाणा गौ सेवा आयोग द्वारा प्रदेश की गौशालाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की कड़ी में चारा अनुदान की पहली किस्त के रूप में 92 लाख 12 हजार 745 रुपये की राशि श्री गौशाला ट्रस्ट (रजि.) को उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त हरियाणा गौ सेवा आयोग की ओर से नंदीशाला के लिए 23 लाख 03 हजार 738 रुपये की राशि का चेक भी विधायक घनश्याम दास सर्राफ द्वारा प्रदान किया गया है। इस सहयोग के लिए स्थानीय महम रोड़ स्थित श्री गौशाला ट्रस्ट (रजि.) के प्रधान पुरुषोत्तम दास अग्रवाल ने भाजपा सरकार, गौसेवा आयोग और विधायक घनश्याम दास सर्राफ का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नंद किशोर अग्रवाल, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, विजय कुमार गोयल, डा. विजय सनसनवाल, मोहनलाल बालेश्रा गौशाला विस्तार अधिकारी, जोगेंद्र, धर्मबीर स्वाामी, निखिल, राजेंद्र सिंह वर्मा, धर्मचंद भी मौजूद रहे। इस मौके पर पुरुषोत्तम दास अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार एवं हरियाणा गौ सेवा आयोग द्वारा गौवंश के चारे और भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना गौसेवा के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दशार्ता है। इस अनुदान से गौशालाओं को हजारों बेसहारा, निराश्रित, बीमार और असहाय गौवंश के भरण-पोषण तथा देखभाल की व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर सचिव कमल प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि गौशालाओं को मिलने वाली इस प्रकार की आर्थिक सहायता से न केवल चारे की व्यवस्था सुचारू होती है, बल्कि गौवंश के स्वास्थ्य और संरक्षण से जुड़े कार्यों को भी गति मिलती है। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि गौसेवा आयोग द्वारा एक वर्ष से छोटे बछड़े-बछड़ियों को 10 रुपए, गायों को 20 रुपए तथा नंदी के लिए 25 रुपए उनके चारे के लिए दिए जाते है। यह अनुदान उन्ही गौशालाओं व नंदीशालाओं को मिलता है, जो गौसेवा आयोग में पंजीकृत होती है। विधायक ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश के संरक्षण और सेवा में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
Comments