शिक्षा और रोजगार
Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 801 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
अब तक 71,777 को मिली सरकारी नौकरी
मोहाली, सच कहूँ/एम.के. शायना। Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को मोहाली में 801 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर दीवाली का तोहफा दिया। इसके साथ ही राज्य सरकार की ओर से अब तक दी गई सरकारी नौकरियों की संख्या 71,777 हो गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी भर्तियाँ पूरी तरह पारदर्शी तरीके से, बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के, केवल योग्यता के आधार पर की गई हैं। नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नियुक्ति पत्र केवल कागज के टुकड़े नहीं हैं, बल्कि हजारों परिवारों के सुनहरे भविष्य और उम्मीदों का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों के समय सरकारी नौकरियांँ पैसे और सिफारिशों के जरिए मिलती थीं, जबकि मौजूदा सरकार ने योग्यता को ही प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरियाँ दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि पीएसपीसीएल में भी लगभग 600 और भर्तियों के अवसर पैदा किए गए हैं। उन्होंने नए कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ लोगों की सेवा करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को यूपीएससी की तैयारी करके आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पहले स्थान पर पहुंच गया है। इसके अलावा सरकार की ओर से नहरी सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करके किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब नहरी नेटवर्क के माध्यम से लगभग 18,000 क्यूसेक पानी खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे भूजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और रोजगार के क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने और उन्हें नशों से दूर रखने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को फिर से रंगला पंजाब बनाना और हर घर तक रोजगार व खुशहाली पहुंचाना है।
Comments