शिक्षा और रोजगार
सपा विधायक के आवास पर धरने के ऐलान से कैराना में सतर्कता
हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने कैराना विधायक नाहिद हसन के 'घर का घेर बनाने' के बयान पर धरने की दी थी चेतावनी
कैराना। Kairana News: कैराना विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक चौधरी नाहिद हसन के आवास पर धरना दिए जाने के ऐलान से कैराना पुलिस के द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। विधायक के आवास पर दिनभर पुलिसबल तैनात रहा। हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने सपा विधायक के 'गंगोह में घर का घेर बनाने' के बयान पर कैराना में धरना देने की चेतावनी दी थी।
विदित 09 अक्टूबर को जनपद सहारनपुर के गंगोह थानाक्षेत्र में टायर फैक्ट्री संचालक अरबीन चौहान की कुछ लोगो ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक अरबीन चौहान कैराना क्षेत्र के गांव मन्नामाजरा का निवासी था। बाद में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु मृतक के परिजनों व अन्य लोगो ने सपा विधायक नाहिद हसन व सांसद इकरा हसन के नेतृत्व में गंगोह कोतवाली में प्रदर्शन किया था। इस दौरान सपा विधायक ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर 'गंगोह का घर का घेर बनाने' की चेतावनी दे डाली थी। नाहिद हसन का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। विधायक के बयान पर कुछ हिन्दू संगठनों ने आपत्ति जताई थी। हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने बयान की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से 03 नवंबर को अपने कार्यकर्ताओं के साथ में कैराना पहुंचकर विधायक आवास पर धरना देने की चेतावनी दी थी।
पिंकी चौधरी की चेतावनी पर कैराना पुलिस सतर्क हो गई थी। मंगलवार सुबह सपा विधायक नाहिद हसन के कस्बे के पुराना बाईपास पर स्थित आवास पर एतिहातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। विधायक आवास की ओर जाने वाले वाहनों एवं लोगो पर पुलिस की कड़ी नजर रही। हालांकि हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ता शामली में अधिकारियों को ज्ञापन देकर वापिस चले गए। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत विधायक के आवास पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
Comments