Pollution: प्रदूषण के मुद्दे पर ग्रामीणों एवं फैक्ट्री संचालकों के मध्य हुई वार्ता

बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य एवं प्रदूषण विभाग के अधिकारी, फैक्ट्री संचालक एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव शेखूपुरा में स्थित एक मैरिज होम में रविवार को औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में संचालित इकाइयों से फैल रहे प्रदूषण के मुद्दे पर ग्रामीणों, फैक्ट्री संचालकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के मध्य गहन वार्ता हुई, जिसमें ग्रामीणों ने फैक्ट्रियों से उत्सर्जित खतरनाक धुएं एवं अनट्रीटेड वाटर पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाए जाने की मांग की। इसके अलावा, ग्रामीणों ने फैक्ट्रियों में बाहर का कूड़ा-कचरा न जलाए जाने, कंपनियों में एयर क्वालिटी फिल्टर लगाए जाने, फैक्ट्रियों से निकलने वाले रासायनिक पानी को ट्रीट करके छोड़ने, प्रभावित गांवों में मेडिकल शिविर,

गांवों के पानी की लैब टेस्टिंग, औद्योगिक क्षेत्र में सुबह-शाम पानी का छिड़काव, फैक्ट्री परिसर में ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण एवं प्रत्येक तीन महीने में आसपास के गांवों में कीटाणुनाशक छिड़काव कराए जाने आदि की भी मांग उठाई। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले की नियमित साफ-सफाई की भी मांग की गई। प्रतिउत्तर में औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों एवं फैक्ट्री संचालकों ने कहा कि सभी प्रदूषण के नियत मानकों के अनुरुप संचालित की जा रही है। प्रदूषण विभाग के द्वारा निर्धारित समयावधि पर फैक्ट्रियों से उत्सर्जित धुएं व रसायनिक पदार्थों की जांच की जाती है।

इसके बावजूद, यदि ग्रामीणों को प्रदूषण से जुड़ी कोई समस्या है तो उसका भी हल निकाला जाएगा। वहीं, बैठक में मौजूद अधिकारियों एवं फैक्ट्री संचालकों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रदूषण से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के निवारण पर गम्भीरता से कार्य किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा नेता अनिल चौहान व मनीष चौहान तथा इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन(आईआईए) के शामली जिलाध्यक्ष विशाल गुप्ता, शामली इंडस्ट्रियल एंड मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (सिग्मा) के अध्यक्ष अंकित गोयल, निकिता पेपर मिल के संचालक अशोक बंसल, तहसीलदार अर्जुन चौहान, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुजफ्फरनगर से सहायक अभियंता प्रियांशु सिंह, अवर अभियंता देव दिवाकर गहलोत तथा कण्डेला, हिंगोखेड़ी, शेखूपुरा, जगनपुर व ऐरटी आदि गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts