सड़क पर तड़प रहे घायलों के लिए मसीहा बने डेरा प्रेमी
सड़क पर तड़प रहे घायलों के लिए मसीहा बने डेरा प्रेमी
पानीपत, सच कहूँ न्यूज़। Panipat News: इंसानियत आज भी जिंदा है, इसका जीता-जागता उदाहरण कैराना-पानीपत रोड पर देखने को मिला, जहां दो डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने मानवता का धर्म निभाते हुए पांच घायल लोगों की जान बचाई।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:00 बजे की घटना है। राहुल इंसां और मक्खन इंसां शाह मस्ताना जी महाराज का पावन भंडारा महोत्सव मनाकर वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे कैराना से पानीपत रोड पर पहुंचे तो उनकी आंखों के सामने एक दर्दनाक हादसा हो गया।
एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की ०जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार पांच लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए और तड़पने लगे। हादसा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन कोई भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था, सभी तमाशबीन बने खड़े थे।
तभी दोनों प्रेमी भाइयों ने पूज्य संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इंसां की पावन शिक्षाओं "मानवता की सेवा ही सच्चा धर्म है" का अनुसरण करते हुए तुरंत मानवता का परिचय दिया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया।
दोनों सेवादारों ने सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायलों को उठाया और तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से सभी पांचों घायलों की जान बच गई। डॉक्टरों के अनुसार यदि उन्हें थोड़ी और देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
अस्पताल प्रशासन और घायलों के परिजनों ने राहुल इंसां और मक्खन इंसां के इस नेक कार्य की दिल से सराहना की है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी गुरु की शिक्षा पर चलते हुए निस्वार्थ भाव से इंसानियत की सेवा में हमेशा आगे रहते हैं।
Comments