Abohar News: पंजाब सरकार युवाओं को बिना भेदभाव दे रही नौकरियां: मुख्यमंत्री
अबोहर रैली में ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत जारी की राशि
अबोहर, सच कहूँ/मेवा सिंह। Abohar News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान रविवार दोपहर करीब 1 बजे अबोहर के श्रीगंगानगर रोड पर एक विशाल रैली को संबोधित करने और ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ की किस्त जारी करने के लिए अबोहर पहुंचे। यहाँ मौजूद हजारों पुरुषों और महिलाओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए अबोहर शहर की विभिन्न सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसके चलते कुछ समय के लिए आम यातायात को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रति अबोहर के लोगों में दिख रहा उत्साह स्पष्ट करता है कि आने वाले चुनावों में पार्टी फिर से शानदार जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारें हमेशा पंजाब का खजाना खाली होने की बात करती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने कभी नहीं कहा कि पंजाब के विकास के लिए उसके पास फंड की कमी है। इसके बजाय पंजाब सरकार ने हजारों युवाओं को बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के नौकरियाँ दी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों के समय युवाओं से पैसों से भरे ब्रीफकेस लेकर नौकरियां दी जाती थीं। ये ब्रीफकेस पैसों की गिनती करके नहीं, बल्कि तौलकर लिए जाते थे।
अबोहर में विशाल रैली के दौरान लोगों के इक्ट्ठ को देखते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों की जमानतें भी जब्त हो जाएंगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी की अबोहर विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी डॉ. सुहानी डोडा को रैली आयोजित करवाने के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आज करीब 1,291.9 मिलियन रुपये 37 लाख 43 हजार महिलाओं के खातों में जमा करवाए जाएंगे।
Comments