शिक्षा और रोजगार
New ₹1000 Note: 1,000 रुपए का नया नोट आने वाला है?, PIB Fact Check ने किया साफ
केन्द्र ने कहा-आरबीआई ने नहीं किया कोई ऐलान, वायरल दावा खारिज
New ₹1000 Note: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। सोशल मीडिया पर 1,000 रुपए के नए नोट को लेकर चल रही चर्चाओं पर केंद्र सरकार की प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। एजेंसी ने ऐसे दावों को भ्रामक बताया है, जिनमें भारत में नए 1,000 रुपए के नोट जारी होने या जल्द जारी किए जाने की बात कही जा रही थी।
इंस्टाग्राम, एक्स और टेलीग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ तस्वीरें और पोस्ट प्रसारित हो रही थीं। इनमें पीले रंग के 1,000 रुपए के नोट जैसी दिखने वाली मुद्रा को प्रदर्शित करते हुए इसे नया भारतीय नोट बताया गया। कुछ पोस्ट में इसकी संभावित लॉन्चिंग तारीख का भी जिक्र किया गया।
PIB फैक्ट चेक ने इन दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से 1,000 रुपए का नया बैंकनोट जारी करने संबंधी कोई घोषणा नहीं की गई है। एजेंसी ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली वित्तीय और सरकारी सूचनाओं पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से उनकी पुष्टि करें।
2016 में बंद हुआ था 1,000 रुपए का पुराना नोट
भारत में 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी की घोषणा के बाद पुराने 500 और 1,000 रुपए के बैंकनोटों का वैध मुद्रा का दर्जा समाप्त कर दिया गया था। इस फैसले के पीछे काले धन, जाली नोटों और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने जैसे उद्देश्य बताए गए थे। इसके बाद RBI ने 500 रुपए के नए डिजाइन वाले नोट जारी किए, जबकि 1,000 रुपए का नोट दोबारा चलन में नहीं आया। नई मुद्रा व्यवस्था के तहत 2,000 रुपए का बैंकनोट भी जारी किया गया था, लेकिन मई 2023 में RBI ने इसे चलन से वापस लेने की घोषणा की।
कौन-कौन से बैंकनोट हैं चलन में?
RBI की महात्मा गांधी (नई) सीरीज में 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपए के बैंकनोट शामिल हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर 1,000 रुपए के नए नोट को लेकर प्रसारित हो रही तस्वीरों और दावों को आधिकारिक घोषणा के बिना सही मानना उचित नहीं है। PIB फैक्ट चेक ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे किसी भी वायरल दावे को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें, ताकि गलत जानकारी के प्रसार को रोका जा सके।
Comments