शिक्षा और रोजगार
Sheetal Devi 2 Gold Medal: एशियन पैरा गेम्स में शीतल देवी का धमाल, भारत टॉप 5 में
एशियन पैरा गेम्स 2026: 88 पदकों के साथ भारत चौथे स्थान पर
Asian Para Games India Medals: आइची-नागोया (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के चौथे दिन विभिन्न खेलों में पदक जीतकर भारत ने अपनी कुल पदक संख्या 88 तक पहुंचा दी। इनमें 21 स्वर्ण, 26 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में टॉप 5 में पहुंच गया है।
पैरा तीरंदाजी में भारत को दोहरी सफलता मिली। शीतल देवी और तोमर कुमार की जोड़ी ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा शीतल देवी ने महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में भी गोल्ड जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ा। एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। दिलीप गावित ने पुरुषों की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में और अंजनाबेन बुम्बाडिया ने महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। सुवर्णा राज ने भी गोल्ड मेडल हासिल किया।
पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में सोलाईराज धर्मराज ने 7.15 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। धर्मराज ने प्रतियोगिता के दूसरे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। पुरुषों की हाई जंप टी63 स्पर्धा भारतीय खिलाड़ियों के लिए खास रही। इस मुकाबले में भारत ने तीनों पदक जीतकर क्लीन स्वीप किया। शैलेश कुमार ने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड कायम करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि वरुण भाटी ने रजत और राहुल सरोहा ने कांस्य पदक हासिल किया।
पैरा बैडमिंटन और पैरा स्विमिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने सात-सात पदक जीतकर देश की पदक संख्या बढ़ाने में योगदान दिया। वहीं, तीरंदाजी में स्वाति चौधरी ने महिला व्यक्तिगत डब्ल्यू1 वर्ग में रजत पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। वह इस स्पर्धा में एशियन पैरा गेम्स का पदक जीतने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बनीं। स्वर्ण पदक के मुकाबले में स्वाति चौधरी को चीन की सेन मेंगकान के खिलाफ 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उनका रजत पदक भारतीय पैरा तीरंदाजी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। पैरा बैडमिंटन में भारत ने दो कांस्य पदक भी हासिल किए। विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता ने प्रतियोगिता के चौथे दिन देश की पदक स्थिति को मजबूत किया।