Kota Expressway Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुल से नीचे गिरी मिनी बस, 8 श्रद्धालुओं की मौत

राजस्थान के कोटा की दुर्घटना, भोपाल से खाटूश्याम जा रहे थे यात्री

Published On

Kota Bus Accident: कोटा (सच कहूँ न्यूज)। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं की मिनी बस सिमलिया थाना क्षेत्र में एक पुल से नीचे गिर गई। हादसे में करीब आठ यात्रियों की मौत होने की सूचना है, जबकि लगभग 15 लोग घायल बताए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई। मिनी बस एक्सप्रेसवे पर चलते समय अनियंत्रित हो गई और नाले के ऊपर बने पुल से टकराने के बाद लगभग 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य में मदद की।

क्रेन की मदद से निकाले गए घायल

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन का सहारा लेना पड़ा। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में 25 से अधिक लोग सवार थे। यात्रा में शामिल श्रद्धालु अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन एक-दूसरे के परिचित बताए गए हैं।

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के अनुसार, शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का निर्धारण जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित कार्रवाई करते हुए मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लिया और घायलों को उपचार के लिए भेजा।

जिला कलेक्टर पीयूष समारिया के अनुसार, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है। भोपाल से खाटूश्याम दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा इस हादसे के कारण दुखद घटना में बदल गई। दुर्घटना के कारणों और प्रभावित यात्रियों से संबंधित विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

About The Author

Related Posts