Visa Fraud: रूस में नौकरी का झांसा देकर 3.40 लाख ठगे
दो साल के वर्क वीजा के बजाय मिला 16 दिन का ई-वीजा, इमिग्रेशन एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज
Hanumangarh Work Visa Fraud: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। रूस में दो साल तक नौकरी दिलाने और 80 हजार रुपए मासिक वेतन का झांसा देकर गांव कोहला निवासी विनोद कुमार से 3 लाख 40 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जंक्शन में वर्ल्ड इमिग्रेशन कार्यालय संचालित करने वाले अमनदीप सिंह ने नौकरी और वर्क वीजा दिलाने का भरोसा देकर रकम ली, लेकिन रूस पहुंचने पर पीड़ित को न नौकरी मिली और न ही दो साल का वर्क वीजा। टाउन थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार (40) पुत्र बृजलाल कुम्हार निवासी वार्ड नंबर 6, कोहला ने इस्तगासे में बताया कि जंक्शन में बस स्टैंड के पीछे दुर्गा मंदिर वाली गली में वर्ल्ड इमिग्रेशन कार्यालय संचालित करने वाले अमनदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह जाट निवासी वार्ड नंबर 1, सहजीपुरा ने मॉस्को में नौकरी, 80 हजार रुपए मासिक वेतन, रहने और अन्य सुविधाओं का आश्वासन दिया था। इसके लिए 100 रुपए के स्टाम्प पर करार भी किया गया।
परिवादी की पत्नी सुमित्रा ने फोन-पे के माध्यम से आरोपी को अलग-अलग समय पर 3.40 लाख रुपए दिए। इसके अलावा दिल्ली हवाई अड्डे पर राकेश नाम के व्यक्ति को भी 15 हजार रुपए दिए गए। परिवादी के मुताबिक, अप्रैल 2025 में रूस पहुंचने पर उसे मॉस्को की आगे की टिकट नहीं होने के कारण नोवोसिबिर्स्क में दो दिन रुकना पड़ा। मॉस्को पहुंचने के बाद सुमित नाम के व्यक्ति ने उसे होटल के बजाय फ्लैट में ठहराया और बाद में जंगलों में स्थित एक मकान में भेज दिया, जहां नौकरी नहीं मिली। कुछ दिन बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि उसके पास दो साल का वर्क वीजा नहीं, बल्कि केवल 16 दिन का ई-वीजा था। विनोद ने आरोप लगाया कि ठगी के कारण उसे रूस में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वह 30 मई 2025 को भारत लौटा। अदालत के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र को सौंपी है।