Sumit Ranwan Latest News: पूर्व सभापति सुमित रणवां पर पुलिस का शिकंजा, खोली हिस्ट्रीशीट
आठ आपराधिक मामले दर्ज, गिरफ्तारी पर घोषित हुआ था 100 रुपए का इनाम
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नगर परिषद की वर्तमान सभापति मंजू रणवां के पति, पूर्व सभापति और नवनिर्वाचित पार्षद सुमित रणवां पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने सुमित रणवां की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखेगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुमित रणवां के खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का आरोप है कि वह लंबे समय से कानून का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने सुमित रणवां हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी बढ़ाने का कदम उठाया है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही सुमित रणवां की गिरफ्तारी के संबंध में 100 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। अब हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद उनकी गतिविधियां पुलिस की निगरानी के दायरे में रहेंगी। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों पर निगरानी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।