Nursing Officer' Strike: सरकार ने मानी नसिंग कैडर की मांगें, हड़ताल स्थगित

एमओटीपी लागू नहीं होगी, मेवात-पलवल में विशेष भत्ता व गृह जिले में तबादले की सुविधा

Published On

Nursing Officer' Strike: सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। हरियाणा के स्वास्थ्य संस्थानों में पिछले कई दिनों से चल रही नर्सिंग कैडर की दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। सरकार के साथ हुई बैठक में चार प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने आंदोलन रोकने का फैसला लिया। एसोसिएशन ने प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स से हड़ताल समाप्त कर नियमित ड्यूटी पर लौटने की अपील की है। हालांकि बाकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है।

एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) नर्सिंग कैडर पर लागू नहीं करने और वाशिंग अलाउंस सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन चल रहा था। मंगलवार शाम अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग डॉ. सुमिता मिश्रा और डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल ने एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़, राज्य कोषाध्यक्ष सुमन कुंडू और राज्य संयुक्त सचिव संतोष शर्मा को बैठक के लिए बुलाया। बैठक में नर्सिंग कैडर की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपये करने और नर्सिंग ऑफिसर्स को ग्रुप-बी में शामिल करने जैसी अन्य मांगों पर विभाग के साथ जल्द अलग बैठक होगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इन मांगों पर जल्द बैठक का समय देने का आश्वासन दिया है। एसोसिएशन की मीडिया कॉर्डिनेटर पूनम ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन होगा।

इन 4 मांगों पर बनी सहमति

  • एमओटीपी नर्सिंग कैडर पर लागू नहीं होगी।
  • मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर्स को विशेष भत्ता मिलेगा।
  • मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर्स अपने गृह जिलों में तबादला करवा सकेंगे।
  • पिछले वर्ष से बंद यूनिफॉर्म अलाउंस अर्जेंट बेसिस पर एरियर सहित दिया जाएगा।

About The Author

Related Posts