शिक्षा और रोजगार
Environmental Conservation: पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर शुरू हुआ जिला स्तरीय प्रकृति अध्ययन शिविर
स्काउट-गाइड ने जलवायु परिवर्तन पर बनाए पोस्टर, नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ के तत्वावधान में पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रकृति अध्ययन शिविर का आगाज गुरुवार को हुआ। शिविर का आयोजन स्काउट-गाइड जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ में किया जा रहा है। यह शिविर 10 अक्टूबर तक चलेगा।
शिविर के पहले दिन प्रात:काल बच्चों की पर्यावरण आधारित पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में मानव की प्रतिदिन की जीवनशैली का जलवायु पर पड़ने वाले प्रभाव विषय पर बच्चों ने पोस्टर तैयार किए। शिविर में जिले के अलग-अलग विद्यालयों से 65 स्काउट-गाइड हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान शिविरार्थियों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में संचालित मनस्वी अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
उन्होंने स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई। सीओ स्काउट भारतभूषण ने बताया कि शिविर के तीनों दिनों में अलग-अलग प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शिविरार्थियों का रोजाना का रूटीन अलसुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक रहेगा। विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।