Sanitation News: वार्ड 42 में सफाई व्यवस्था बदहाल, दीपावली से पड़ा नालियों का कचरा नहीं उठा

चुनाव ड्यूटी में कर्मचारियों की तैनाती से बिगड़ी व्यवस्था, मंगलवार से नियमित सफाई का आश्वासन

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। टाउन शहर के वार्ड नंबर 42 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। दीपावली से पूर्व नालियों से निकाला गया कचरा अब तक नहीं उठाया गया है। जगह-जगह लगे कचरे के ढेरों से उठती दुर्गंध ने वार्डवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं निराश्रित गोवंश की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गुरुवार को परेशान वार्डवासियों ने मौके पर एकत्रित होकर नगर परिषद की सफाई व्यवस्था के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया और अधिकारियों से समस्या का समाधान करवाने की मांग की। वार्ड निवासी एवं भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष संदीप छाबड़ा ने बताया कि दीपावली से पहले से ही वार्ड में सफाई व्यवस्था बिगड़ी हुई है। रोजाना वार्ड के ग्रुप में कहीं नाली बंद होने तो कहीं कचरा पड़ा होने की शिकायतें आती हैं।

Stray-Animals.2-jpg

दीपावली के आसपास गलियों की नालियों से निकाला गया कचरा अभी तक नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के अधिकारियों को फोन करने पर वे कॉल तक रिसीव नहीं करते। नगर परिषद कार्यालय जाने पर भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में सुधार के लिए अधिकारियों को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। जनता को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। संदीप छाबड़ा ने कहा कि वार्ड से भाजपा पार्षद निर्वाचित हैं, जबकि नगर परिषद में निर्दलीय बोर्ड है। ऐसे में वार्ड की अनदेखी किए जाने की आशंका भी है। करीब दो माह पहले पार्षद चुने जाने के बाद शुरुआती 15-20 दिन तक सफाई व्यवस्था सुचारू रही, लेकिन इसके बाद हालात फिर बिगड़ गए।

सफाई कर्मचारी कभी-कभार ही वार्ड में आते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो स्वायत्त शासन विभाग में शिकायत की जाएगी। वार्डवासी सुरेंद्र पाल सिंह कंडा ने बताया कि नालियों से निकाले गए कचरे की जगह-जगह ढेरियां लगी हुई हैं। कई बार फोन पर नगर परिषद को अवगत करवाने के बावजूद कचरा उठाने के लिए गाड़ी नहीं पहुंचती। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से मच्छरों की भरमार हो गई है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। कर्मचारियों की ओर से सुनवाई नहीं होने के कारण वार्डवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मोहनलाल ने बताया कि वार्ड के एचएच एरिया और दीनार सिनेमा, पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में निराश्रित गोवंश की भरमार है। दीनार सिनेमा क्षेत्र में हरे चारे की टाल होने के कारण बड़ी संख्या में गोवंश यहां जमा रहता है। नंदी आपस में लड़ते-झगड़ते रहते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है। वार्डवासियों ने नगर परिषद अधिकारियों और पार्षद से निराश्रित गोवंश की समस्या का समाधान करवाने की मांग की।

पार्षद ने भी किया संपर्क, कार्यालय में नहीं मिलीं स्वच्छता निरीक्षक

वार्डवासियों की शिकायत पर पार्षद विनिता बतरा ने सफाई व्यवस्था के संबंध में नगर परिषद की स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद पार्षद नगर परिषद कार्यालय पहुंचीं, लेकिन स्वच्छता निरीक्षक वहां भी नहीं मिलीं। इस दौरान पार्षद कार्यालय में उन्हें तलाशती नजर आईं। पार्षद विनिता बतरा ने बताया कि उनके वार्ड में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है और कई दिनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है।

इस संबंध में जब सभापति मंजू रणवां से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव कार्य में लगाई गई है, ऐसे में सफाई कैसे हो पाएगी। वहीं स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता ने बताया कि सफाई कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगे हुए हैं। आगामी मंगलवार से वार्ड में नियमित रूप से सफाई कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts