Jaipur Airport News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की हवाई सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण पहल

52.35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का किया भूमि पूजन

Published On

जयपुर (सच कहूँ/गुरजंट सिंह धालीवाल)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीरवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के भूमि पूजन किया। भूमि पूजन समारोह में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास में परिवहन का बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसी के मद्देनजर डबल इंजन की सरकार राजस्थान में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक और आवागमन को अधिक सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का भूमि पूजन हवाई सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर एयर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा, किशनगढ, बाड़मेर एवं बीकानेर में हवाई संपर्क विस्तार पर कार्य किया जा रहा हैं। प्रधानमंत्री ने इसी वर्ष जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्धाटन किया था। इस नवीन भवन से हवाई अड्डे की क्षमता प्रतिवर्ष 12 लाख यात्रियों से बढ़कर 20 लाख यात्रियों तक पहुंच गई है। वहीं, जयपुर और कोटा के टर्मिनल भी विकसित किए जा रहे हैं।

इसी प्रकार किशनगढ़ हवाई अड्डे और भीलवाड़ा में हमीरगढ हवाई पट्टी पर फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन भी शुरू हो चुके हैं। झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं एवं श्रीगंगानगर में एफटीओ की स्थापना के लिए भूमि आवंटन और उदयपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शिला का पूजन कर नींव में स्थापित  की तथा हवन में पूणार्हुति दी। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी में नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के प्रतीकात्मक मॉडल, संपूर्ण साइट प्लान, ग्राउंड फ्लोर व फर्स्ट फ्लोर का लेआउट प्लान का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन नवीन जैन उपस्थित रहे।

राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की दिखेगी झलक

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवीन स्टेट टर्मिनल भवन परियोजना के लिए 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना के पहले चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से स्टेट टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस भवन में कार्यालय के साथ दो वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, ट्रेनिंग कक्ष, कैफे और सुरक्षा जांच क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, इस भवन में आधुनिकता के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखेगी। परियोजना के दूसरे चरण में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की पार्किंग के लिए हैंगर तथा टारमेक का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजना के लिए ए.ए.आई. ने राज्य सरकार को 12 हजार 778 वर्गमीटर भूमि आवंटित की है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts