बच्चा गायब होने की सूचना पर दौड़ी पुलिस, ढाई साल का मासूम पीलीबंगा से बरामद
रात में बाइक से बच्चे को लेकर राजस्थान पहुंच गया था पिता, मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने तलाशा
ओढ़ां, सच कहूँ/राजू। Odhan News: गांव रोड़ी में घर से करीब ढाई साल के बच्चे के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार की टीम ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर बच्चे को राजस्थान के पीलीबंगा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे की बरामदगी के बाद परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की। जानकारी के अनुसार रोड़ी निवासी युवती की शादी राजस्थान के पीलीबंगा क्षेत्र में हुई है।
पति से विवाद के चलते वह पिछले कई माह से अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही है। शुक्रवार अलसुबह बच्चे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने संदेह जताया कि बच्चे का पिता पवन रात में रोड़ी आया और उसे पीलीबंगा अपने साथ ले गया। कई घंटे बाद परिजनों को बच्चे के गायब होने का पता चला और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल लोकेशन से राजस्थान पहुंची पुलिस
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से पवन के मोबाइल की लोकेशन खंगाली तो रात के समय उसकी लोकेशन रोड़ी में मिली। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान के लिए रवाना हो गई। पवन ने फोन पर उसके पास बच्चे होने की बात स्वीकार की।
बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। परिजन उसे पीलीबंगा से रोड़ी थाने लेकर पहुंचे, जहां बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है। बच्चे की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने रोड़ी पुलिस की तत्परता की सराहना की।
- अनिल कुमार, थाना प्रभारी
Comments