Haryana Diwas Festival: हरियाणवी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ हरियाणा दिवस समारोह

पंचायत भवन में मनाई हीरक जयंती, विद्यार्थियों ने रागिनी और नृत्य से बांधा समां

Published On

सरसा, (सच कहूँ/पवन कुमार)। हरियाणा दिवस पर रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित हीरक जयंती समारोह में हरियाणवी संस्कृति के रंग देखने को मिले। स्कूली विद्यार्थियों ने रागिनी, एकल और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों से प्रदेश की लोक परंपराओं, वेशभूषा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को स्कूल शिक्षण सामग्री किट, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की।
-किसान, जवान और श्रमिक प्रदेश की असली ताकत

समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और दूध-दही के खानपान, जिंदादिली तथा मेहनतकश लोगों के कारण इसकी अलग पहचान है। प्रदेश में लगातार उद्योग स्थापित हो रहे हैं और हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस तरक्की में किसानों की खेतों में की गई मेहनत, जवानों के शौर्य और श्रमिकों के परिश्रम का अहम योगदान है। किसान, जवान और श्रमिक प्रदेश की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ आमजन की सुरक्षा और तरक्की भी जरूरी है। हमारा संकल्प आपकी सुरक्षा और तरक्की है।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में इन स्कूलों ने मारी बाजी

समारोह में आयोजित रागिनी प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की आरजू ने प्रथम, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरसा के हर्षित ने द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चौपटा की शोभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की टीम प्रथम, स्वामी विवेकानंद स्कूल सरसा की टीम द्वितीय और राजकीय मॉडल

संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चौपटा की टीम तृतीय रही। वहीं समूह नृत्य में स्वामी विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीम ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय की टीम ने द्वितीय और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी चौपटा की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला, डीडीपीओ अनूप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, चेयरमैन शांति स्वरूप, पार्षद सुमन शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, गगनदीप सिंह, प्रिंसिपल राम सिंह यादव और उद्घोषक रवि रंजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts