MGUMST Jaipur News: चिकित्सा क्षेत्र में टेक्नोलॉजी बढ़ा रही सुविधा

AI और टेलीमेडिसिन से बदलेगा स्वास्थ्य सेवाओं का भविष्य, जयपुर में जुटे 300 से अधिक विशेषज्ञ

Published On

Global AI and Digital Health Summit 2026: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और तकनीक-सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक का उपयोग और अधिक व्यापक होगा। यह बात कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी (MGUMST), जयपुर में आयोजित टेलीमेडिसिन सोसाइटी ऑफ इंडिया (TSI) की 22वीं इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस एवं ग्लोबल एआई एंड डिजिटल हेल्थ समिट 2026 में कही। उन्होंने कहा कि आभा आईडी, ई संजीवनी के माध्यम से रोगियों को राहत मिल रही है।

तीन दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन TSI राजस्थान स्टेट चैप्टर द्वारा MGUMST के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें देशभर से 300 से अधिक चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, एआई एवं टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ, टेक्नोक्रेट्स, शोधकर्ता और शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. अचल गुलाटी ने कहा कि उभरती हुई तकनीकों की वास्तविक उपयोगिता तभी है, जब उनका क्लिनिकल विशेषज्ञता के साथ सार्थक और जिम्मेदार तरीके से समन्वय किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक की भूमिका बढ़ेगी, लेकिन रोगी, चिकित्सकीय निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनाएं हमेशा स्वास्थ्य सेवा के केंद्र में रहनी चाहिए।

टीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील श्रॉफ ने कहा कि टेलीमेडिसिन और डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की लागत और मरीजों के आने-जाने में लगने वाले समय को कम किया जा सकता है। दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में टेलीमेडिसिन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

नेशनल हेल्थ मिशन की एडिशनल मेडिकल डायरेक्टर डी.टी. शुभमंगला ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, डेटा सिस्टम एवं रजिस्ट्रियों को बेहतर बनाने, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के विस्तार तथा जागरूकता एवं सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में तकनीक की भूमिका पर प्रकाश डाला।  इस अवसर पर महात्मा गांधी अस्पताल की टेलीमेडिसिन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।

सम्मेलन का नेतृत्व डॉ. धनंजय के. मंगल, ऑर्गनाइजिंग चेयरपर्सन एवं प्रेसिडेंट, TSI राजस्थान स्टेट चैप्टर तथा डॉ. अभिषेक जादौन, ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी एवं मानद सचिव, TSI राजस्थान स्टेट चैप्टर कर रहे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में टेलीमेडिसिन सोसाइटी ऑफ इंडिया की वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. मनोज लखोटिया, डॉ. उमा नागिया, डॉ. उमाशंकर, केदार नेगी उपस्थित रहे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts