CDLU युवा महोत्सव संपन्न, एमएम पीजी कॉलेज ने पहला व शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज रहा दूसरे स्थान पर

सीडीएलयू के यूटीडी ने हासिल किया तीसरा स्थान

Published On

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। युवा ऊर्जा, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक अभिव्यक्ति के रंगों से सराबोर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का चार दिवसीय 13वां त्रिवेणी युवा महोत्सव उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हो गया। युवा उमंग, संस्कृति के संग थीम पर आयोजित इस महोत्सव में लगभग दो हजार विद्यार्थियों ने 34 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलगुरु प्रो. आर.पी. सैनी मुख्य अतिथि रहे, जबकि सीडीएलयू के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने समारोह की अध्यक्षता की।

 समारोह में सरसा के उपायुक्त शांतनु शर्मा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिरसा पुनीश जिंदिया, भारतीय वायु सेना, सिरसा के विंग कमांडर प्रशांत, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार बांसल, सीडीएलयू के कुलसचिव डॉ सुनील कुमार तथा डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और संस्थानों को सम्मानित किया गया।

सीडीएलयू में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और उनके व्यवहार को देखकर यह विश्वास मजबूत होता है कि विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व निर्माण और सांस्कृतिक मूल्यों को भी महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों के माध्यम से परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें। - प्रो. आरपी सैनी, मुख्य अतिथि 

युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवा उमंग, संस्कृति के संग की थीम भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का सार्थक संदेश देती है। - प्रो. विजय कुमार, सीडीएलयू के कुलगुरु 

विद्यार्थी जीवन में चेतना, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करने में ऐसे सांस्कृतिक आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, आपसी सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी का अनुभव करने का अवसर देते हैं।  - प्रशांत, भारतीय वायु सेना, सरसा के विंग कमांडर 

एमएम पीजी कॉलेज, फतेहाबाद ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी

समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा। एमएम पीजी कॉलेज, फतेहाबाद ने ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की। शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सरसा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सीडीएलयू के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी), सरसा ने तीसरा स्थान हासिल किया। विधावार परिणामों में भी एमएम पीजी कॉलेज, फतेहाबाद का शानदार प्रदर्शन रहा। कॉलेज ने थिएटर, संगीत और ललित कला की ट्रॉफियां अपने नाम कीं।

वहीं, नृत्य विधा में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सरसा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार संगीत में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सरसा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पर यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी), सरसा ने थिएटर, नृत्य और ललित कला में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता संस्थानों और प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और रचनात्मकता का उत्साहवर्धन किया गया।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts